43 की उम्र, 252 छक्के, Thala का 18वां IPL: रिकॉर्ड, रन और रोमांच की तैयारी
भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ‘थाला’ महेंद्र सिंह धोनी (M.S. Dhoni) एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में धूम मचाने को तैयार हैं। 43 साल की उम्र में भी धोनी का जलवा कायम है, और फैन्स की नजरें उनपर टिकी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2020 में संन्यास लेने के बावजूद IPL में अपनी चमक बिखेर रहे हैं। आइए, जानते हैं कि इस सीजन में धोनी (Dhoni) से क्या उम्मीदें हैं और क्यों वे आज भी क्रिकेट फैन्स के दिलों की धड़कन बनने के लिए बरकरार हैं।
धोनी का IPL सफर: 18 साल, 16 सीजन CSK के साथ
इस 7 जुलाई को 44 साल के होने जा रहे धोनी (Dhoni) IPL के सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में से एक हैं। यह उनका 18वां IPL सीजन होगा, जिसमें से 16 सीजन उन्होंने CSK की जर्सी में खेले हैं। हालांकि वे इस बार इस टूर्नामेंट के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, लेकिन उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हॉग (45 साल, 92 दिन) और भारत के प्रवीण तांबे (44 साल, 219 दिन) IPL में खेल चुके हैं। क्या धोनी इनका रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? यह तो वक्त बताएगा, लेकिन उनकी फिटनेस और जज्बा देखकर क्रिकेट फैन्स को भरोसा है कि ‘कैप्टन कूल’ अभी हार नहीं मानेंगे।
CSK ने IPL 2025 के लिए मेगा ऑक्शन में धोनी को ‘अनकैप्ड प्लेयर’ के तौर पर 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया। यह राशि उनकी पुरानी 12 करोड़ की सैलरी से कम है, लेकिन नियमों के मुताबिक, 5 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी अनकैप्ड माने जाते हैं। धोनी के लिए यह नियम बदलाव लेकर आया, लेकिन उनकी कीमत को रुपये से नहीं, उनके योगदान से मापा जाता है।
बल्ले से धमाल, विकेट के पीछे कमाल
Dhoni का IPL करियर शानदार आंकड़ों से भरा हुआ है। IPL के 18 सीजन में उन्होंने 5,243 रन बनाए हैं और वे लीग के ऑल-टाइम रन स्कोरर्स में छठे नंबर पर हैं। उनकी बल्लेबाजी औसत 39.12 है, जो विराट कोहली (38.67) और रोहित शर्मा (30.05) से ज्यादा और बेहतर है। इसके साथ ही 5,000 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में केवल डेविड वॉर्नर (40.52) और एबी डिविलियर्स (39.70) आज भी उनसे आगे हैं।
Dhoni का स्ट्राइक रेट 137.53 है, जो वॉर्नर (139.77) और डिविलियर्स (151.68) के बाद तीसरा सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट है। हवाई छक्कों (Sixes) की बात करें तो धोनी के 252 सिक्स हैं, जो की क्रिस गेल (357), रोहित शर्मा (280) और विराट कोहली (272) के बाद चौथा सबसे ज्यादा है। उनका ‘हेलिकॉप्टर शॉट’ आज भी गेंदबाजों के लिए खौफ का सबब माना जाता है।
विकेटकीपिंग (Wicket Keeping) में धोनी के कोई समान नहीं है। 180 डिसमिसल (141 कैच, 39 स्टंपिंग) के साथ वे आज भी IPL के सबसे सफल विकेटकीपर (Wicketkeeper) हैं। उनकी तेजी और चुस्ती को देखकर पूर्व कोच रवि शास्त्री ने उन्हें “पिकपॉकेट” का खिताब भी दिया था।
कैप्टन कूल के कप्तानी का जादू: 5 IPL खिताब, 3 ICC ट्रॉफी
कैप्टन कूल Dhoni ने IPL में सबसे ज्यादा 210 मैचों में कप्तानी की है और 123 मैचों में जीत के साथ सबसे सफल कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में CSK ने कुल 5 IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) और 2 चैंपियंस लीग टाइटल जीते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी Dhoni ने भारत को तीन ICC खिताब दिलाए हैं: T20 वर्ल्ड कप (2007), ODI वर्ल्ड कप (2011) और चैंपियंस ट्रॉफी (2013)
90 टेस्ट खेलने वाले Dhoni ने भारत को टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 तक पहुंचाया और उसके बाद 2014-15 में अचानक टेस्ट से संन्यास ले लिया। रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज उन्हें भारत का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर मानते हैं, और वे आज सचिन तेंदुलकर, कपिल देव जैसे लीजेंड्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
IPL 2025 में धोनी से क्या उम्मीद?
उम्र के साथ Dhoni की फिजिकल क्षमता पर भी असर पड़ा है, लेकिन उनकी मानसिक मजबूती और जुझारूपन आज भी बेजोड़ है। पिछले सीजन में उन्होंने फिनिशर की भूमिका से हटकर छोटी-छोटी पारी खेलीं जो मैच का रुख बदलने में मददगार रहीं। IPL का ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम उनके लिए इस बार वरदान साबित हो सकता है, जिसके तहत टीमें स्थिति के हिसाब से अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज चुन सकती हैं।
CSK के लिए Dhoni को टीम में रखना सिर्फ क्रिकेट मैच का फैसला नहीं, बल्कि ब्रांड वैल्यू और कमर्शियल फायदे का भी सवाल है। CSK का कहना है कि “धोनी के बिना IPL की कल्पना नहीं की जा सकती।” हालांकि, कुछ लोग मानते हैं कि इससे युवा खिलाड़ियों को मौके कम मिलते हैं, लेकिन रवि शास्त्री इसे खारिज करते हैं। उनका कहना है, “IPL एक फ्री-मार्केट है। फ्रैंचाइजी मालिक भावनाओं से नहीं, अपने फायदे से चलते हैं।”
क्या धोनी इस सत्र के बाद संन्यास लेंगे!
पूर्व भारतीय ओपनर रॉबिन उथप्पा, जो धोनी के साथ भारत और CSK के लिए खेल चुके हैं, कहते हैं कि “अगर आपके पास वैसा कौशल और जुनून है तो मुझे नहीं लगता कि किसी कारण से रूकने की जरूरत है। अगर सत्र के अंत में वह संन्यास लेते हैं तो भी मुझे हैरानी नहीं होगी। और अगर इसके बाद वह चार सत्र और खेलते हैं तो भी मैं हैरान नहीं होने वाला।”
23 मार्च 2025 को CSK का पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेपॉक में है, और फैन्स को उम्मीद है कि Dhoni अपने हेलिकॉप्टर शॉट और फिनिशिंग टच से एक बार फिर स्टेडियम को झूमने पर मजबूर करेंगे।
तो क्या आप भी तैयार हैं Dhoni के इस धमाकेदार सीजन के लिए? ‘थाला’ का जादू फिर चलेगा या यह उनका आखिरी IPL होगा? कमेंट में बताएं अपनी राय!
राणा अंशुमान सिंह यूनिफाइड भारत के एक उत्साही पत्रकार हैं, जो निष्पक्ष और प्रभावी ख़बरों के सन्दर्भ में जाने जाना पसंद करते हैं। वह सामाजिक मुद्दों, धार्मिक पर्यटन, पर्यावरण, महिलाओं के अधिकारों और राजनीति पर गहन शोध करना पसंद करते हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ हिंदी-उर्दू में कविताएँ और ग़ज़लें लिखने के शौकीन राणा भारतीय संस्कृति और सामाजिक बदलाव के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।