Uttar Pradesh: वाराणसी से लखनऊ तक, 33 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
प्रमुख बिंदु-
लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सोमवार देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 33 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस व्यापक बदलाव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी सहित लखनऊ, बरेली, आजमगढ़, गाजीपुर, झांसी, महोबा, और अंबेडकर नगर जैसे प्रमुख जिलों में नए नेतृत्व की नियुक्ति की है। वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि विशाल सिंह को उत्तर प्रदेश का नया सूचना निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही, लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

तबादलों के क्रम में IAS अधिकारी लक्कु वेंकटेश्वरलू के पदों में कटौती की गई है, जिनसे प्रमुख सचिव परिवहन और अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पद वापस ले लिए गए हैं। हालांकि, वे अपने अन्य पदों पर बने रहेंगे। उनकी जगह अमित गुप्ता, जो स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के प्रमुख सचिव हैं, को प्रमुख सचिव परिवहन और अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। यह कदम योगी सरकार की सुशासन को मजबूत करने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विकास योजनाओं को गति देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वाराणसी में प्रमुख नियुक्तियां: पीएम के क्षेत्र में बड़ा बदलाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जो इस फेरबदल की सबसे चर्चित नियुक्तियों में से हैं। वाराणसी के जिलाधिकारी एस. राजलिंगम को अब वाराणसी मंडलायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजलिंगम, जो अपने कुशल प्रशासनिक कौशल के लिए जाने जाते हैं, अब इस सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण मंडल के विकास और प्रशासन को नई दिशा देंगे। दूसरी ओर, वर्तमान मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सचिव नियुक्त किया गया है। शर्मा, जो पहले वाराणसी के जिलाधिकारी रह चुके हैं, अब लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय में नीतिगत निर्णयों और प्रशासनिक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वाराणसी के नए जिलाधिकारी के रूप में सत्येंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है। सत्येंद्र इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव थें जो अब काशी की कमान सम्हालेंगे। यह बदलाव काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, गंगा सफाई, पर्यटन और बुनियादी विकास के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को और गति देने के लिए किया गया है। वाराणसी, जो वैश्विक स्तर पर अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के लिए जाना जाता है, उसमें इन नियुक्तियों से प्रशासनिक कुशलता और विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद है।
प्रमुख जिलों में नए जिलाधिकारी
उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी नए जिलाधिकारियों की तैनाती हुई है। अभिषेक पांडे को हापुड़ का जिलाधिकारी, रवींद्र कुमार द्वितीय को आजमगढ़ का जिलाधिकारी, अविनाश कुमार को गाजीपुर का जिलाधिकारी, अनुपम शुक्ला को अंबेडकर नगर का जिलाधिकारी, मृदुल चौधरी को झांसी का जिलाधिकारी, गजल भारद्वाज को महोबा का जिलाधिकारी, महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर का जिलाधिकारी, और आलोक कुमार को संत कबीर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, अविनाश सिंह को बरेली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

शासन और विभागीय नियुक्तियां
कई अधिकारियों को शासन स्तर पर महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रेरणा शर्मा, जो हापुड़ की जिलाधिकारी थीं, उनको सूडा (राज्य शहरी विकास प्राधिकरण) का निदेशक बनाया गया है। नवनीत सिंह चहल को विशेष सचिव मुख्यमंत्री, आर्यका अखौरी को विशेष सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, और विशाल भारद्वाज को विशेष सचिव मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है। शिशिर, जो सूचना निदेशक थे, उनको विशेष सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विशाल सिंह, जो पहले भदोही के डीएम थे, उनको उत्तर प्रदेश सूचना निदेशक और संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

विकास और प्रशासनिक पदों पर तैनाती
कई अधिकारियों को विकास और प्रशासनिक भूमिकाओं में नियुक्त किया गया है। संजय कुमार मीणा को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष, शाश्वत त्रिपुरारी को मुख्य विकास अधिकारी गोरखपुर, और हर्षिता सिंह को मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज बनाया गया है। डॉ. उज्जवल कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन, और पुलकित खरे को मिशन निदेशक, कौशल विकास मिशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लखनऊ में नगर निगम और ऊर्जा विभाग में बदलाव
लखनऊ में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। लखनऊ के नगर आयुक्त रहे इंद्रजीत सिंह को विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग नियुक्त किया गया है। उनकी जगह गौरव कुमार को लखनऊ नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। ये नियुक्तियां लखनऊ के शहरी विकास और ऊर्जा क्षेत्र में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए की गई हैं।
जाने किसे मिला क्या नया कार्यभार (पूरी सूचि)
अधिकारी का नाम | पूर्व कार्यभार | नया कार्यभार |
---|---|---|
श्री लक्कु वेंकटेश्वरलू | प्रमुख सचिव, परिवहन, समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, महानिदेशक, उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबन्धन अकादमी व दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान तथा निदेशक, अनुसूचित जनजाति शोथ एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा निदेशक छत्रपति शाहू जी महाराज, उ०प्र० | प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, लखनऊ के पद से अवमुक्त करते हुए शेष यथावत। |
श्री अमित गुप्ता | प्रमुख सचिव, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन | प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, लखनऊ के पद का अतिरिक्त प्रभार |
श्री कौशल राज शर्मा | मंडलायुक्त, वाराणसी | सचिव, मा० मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन |
श्री एस० राजलिंगम | जिलाधिकारी, वाराणसी | मंडलायुक्त, वाराणसी |
श्री सत्येन्द्र कुमार | विशेष सचिव, मा० मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन। | जिलाधिकारी, वाराणसी |
श्रीमती प्रेरणा शर्मा | जिलाधिकारी, हापुड़ | निदेशक, सूडा |
श्री अभिषेक पाण्डेय | उपाध्यक्ष, मेरठ विकास प्राधिकरण, मेरठ | जिलाधिकारी, हापुड़ |
श्री संजय कुमार मीणा | मुख्य विकास अधिकारी, गोरखपुर | उपाध्यक्ष, मेरठ विकास प्राधिकरण, मेरठ |
श्री शाश्वत त्रिपुरारी | संयुक्त मजिस्ट्रेट, अलीगढ़ | मुख्य विकास अधिकारी, गोरखपुर |
श्री रवीन्द्र कुमार-2 | जिलाधिकारी, बरेली | जिलाधिकारी, आजमगढ़ |
श्री नवनीत सिंह चहल | जिलाधिकारी, आजमगढ़ | विशेष सचिव, मा० मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन |
श्री अविनाश सिंह | जिलाधिकारी, अम्बेडकरनगर | जिलाधिकारी, बरेली |
श्री अनुपम शुक्ला | विशेष सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन व निदेशक, यूपीनेडा एवं प्रबन्ध निदेशक, उ०प्र० रेनुवबिल एंड ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड | जिलाधिकारी, अम्बेडकरनगर |
श्री इंद्रजीत सिंह | नगर आयुक्त, लखनऊ | विशेष सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन व निदेशक, यूपीनेडा एवं प्रबन्ध निदेशक, उ०प्र० रेनुवबिल एंड ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड |
श्री गौरव कुमार | मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज एवं सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, प्रयागराज | नगर आयुक्त, नगर निगम, लखनऊ |
सुश्री हर्षिका सिंह | संयुक्त मैजिस्ट्रेट, चंदोली | मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज एवं सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, प्रयागराज |
श्रीमती आर्यका अखौरी | जिलाधिकारी, गाजीपुर | विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन |
श्री अविनाश कुमार | जिलाधिकारी, झाँसी | जिलाधिकारी, गाजीपुर |
श्री मृदुल चौधरी | जिलाधिकारी, महोबा | जिलाधिकारी, झाँसी |
श्रीमती गजल भारद्वाज | सचिव, उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड | जिलाधिकारी, महोबा |
श्री महेन्द्र सिंह तंवर | जिलाधिकारी, संत कबीरनगर | जिलाधिकारी, कुशीनगर |
श्री विशाल भारद्वाज | जिलाधिकारी, कुशीनगर | विशेष सचिव, मा० मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन |
श्री आलोक कुमार | विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन | जिलाधिकारी, संत कबीरनगर |
डा० उज्जवल कुमार | विशेष सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मद्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उ०प्र० शासन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड | प्रबन्ध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन |
श्री पुलकित खरे | विशेष सचिव, नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन | मिशन निदेशक, कौशल विकास मिशन |
श्री शिशिर | विशेष सचिव, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं निदेशक, सूचना तथा संस्कृति, उत्तर प्रदेश | विशेष सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मद्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उ०प्र० शासन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड |
श्री विशाल सिंह | जिलाधिकारी, भदोही | विशेष सचिव, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं निदेशक, सूचना तथा संस्कृति, उत्तर प्रदेश |
श्री शैलेश कुमार | उपाध्यक्ष, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण एवं सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, मुरादाबाद | जिलाधिकारी, भदोही |
श्री अनुभव सिंह | मुख्य विकास अधिकारी, श्रवस्ती | उपाध्यक्ष, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण एवं सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, मुरादाबाद |
श्री शाहिद अहमद | संयुक्त मैजिस्ट्रेट, बस्ती | मुख्य विकास अधिकारी, श्रावस्ती |
श्री जगदीश | प्रबन्ध निदेश, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइ कार्पोरेशन | सचिव, गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन |
श्री अभय | सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग | सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ |
डा० वेदपति मिश्रा | सचिव, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश शासन | सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग |
यूपी में 33 IAS अधिकारियों का तबादला!📰
— The Unified Bharat (@UnifiedBharatIN) April 21, 2025
🔸 बनारस में तैनात कौशल राज शर्मा को सचिव, मुख्यमंत्री बनाया गया, एस. राजलिंगम बने मंडलायुक्त, सत्येंद्र कुमार नए DM
🔸 उत्तर प्रदेश सूचना निदेशक शिशिर सिंह को हटाया गया
🔸डीएम भदोही विशाल सिंह बने सूचना निदेशक#UttarPradesh #IASTransfers pic.twitter.com/exUR51iy6e
इस बड़े पैमाने पर तबादले से उत्तर प्रदेश के प्रशासन में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है। योगी सरकार का यह कदम विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं को गति देने, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित है। विशेष रूप से वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहरों में किए गए बदलाव केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं।
राणा अंशुमान सिंह यूनिफाइड भारत के एक उत्साही पत्रकार हैं, जो निष्पक्ष और प्रभावी ख़बरों के सन्दर्भ में जाने जाना पसंद करते हैं। वह सामाजिक मुद्दों, धार्मिक पर्यटन, पर्यावरण, महिलाओं के अधिकारों और राजनीति पर गहन शोध करना पसंद करते हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ हिंदी-उर्दू में कविताएँ और ग़ज़लें लिखने के शौकीन राणा भारतीय संस्कृति और सामाजिक बदलाव के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।